उज्जैन में पहली बार एक ही दिन में 27 नए कोरोना पाॅजिटिव

शहर में गुरुवार को पहली बार एक ही दिन 27 मरीजों में कोरोना की पुष्टि हुई। इसके साथ ही संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर 87 तक जा पहुंचा। सुबह पहले 9 नए मामले सामने आए। कुछ ही घंटे बीते थे कि 9 से बढ़कर आंकड़ा सीधे 27 हो गया। तीन दिन की राहत के बाद अगले तीन दिन में 54 मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। अब तक इस संक्रमण से आठ लोगों की जान जा चुकी है। चार लोग ठीक होकर घर लौट चुके हैं। 


51 साल के डॉक्टर भी कोरोना पाॅजिटिव
नए केस में आरआर टीम के बेगमबाग निवासी 51 साल के डॉक्टर, अमरपुरा की 57 साल की महिला, जानसापुरा की 5 साल की बच्ची, हेलावाड़ी निवासी 55 साल की महिला, खजूर वाली मस्जिद निवासी 38 साल की महिला, माधवबाग निवासी 89 साल की बुजुर्ग, माधव अस्पताल में भर्ती 65 साल की महिला और दो मरीज नागदा के हैं। संक्रमितों में 10 महिलाएं, आठ पुरुष और बाकी बच्चे हैं।
एक दिन पहले 18 नए मामले सामने आए थे
इसके पहले उज्जैन में बुधवार काे एक ही दिन में 18 नए मामले सामने आए थे। बढ़ते खतरे के साथ राहत की बात यह रही थी कि बुधवार को आई रिपोर्ट में 204 लोग निगेटिव मिले थे। सीएमएचओ डॉ. गवली ने बताया कि कंटेनमेंट एरिया के चार लोग, माधवनगर अस्पताल के एक कर्मचारी समेत 5 लोगों की रिपोर्ट सुबह पॉजिटिव आई थी। इन लोगों को ऑडी गाड़ी मेडिकल कॉलेज में भर्ती किया है। दोपहर में 12 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई, जिनमें शहर के 2 नर्स और कंटेनमेंट एरिया के अलावा ऐसे क्षेत्रों के मरीज पाए, जहां पर अब तक कोई भी संक्रमित नहीं पाया गया था।